कानपुर देहात। बाल श्रम पर सख्ती से रोक के निर्देश हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुखरायां में दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। छह दुकानों पर बच्चे काम करते मिले। इन बच्चों को मुक्त कराया गया। इधर दुकानदारों पर भी कार्रवाई शुरू की गई है।
डीएम कपिल सिंह के निर्देशन व जिला प्रोबेशन अधिकारी और सहायक श्रमायुक्त के नेतृत्व में मिशन शक्ति 5.0 की कार्ययोजना तय की गई है। शुक्रवार को ऑपरेशन मुक्ति अभियान की शुरुआत पुखरायां से हुई। श्रमप्रवर्तन अधिकारी अरविंद सोनकर, जिला बाल संरक्षण इकाई से संरक्षण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ओझा, चाइल्ड हेल्पलाइन से परियोजना समन्वयक रिचा तिवारी, पुलिस विभाग एएचटीयू से प्रभारी निरीक्षक व पुखरायां चौकी के पुलिस बल की मौजूदगी में दुकानें का निरीक्षण किया गया।
तीन रेडीमेड कपड़ा दुकानों व एक कृषि यंत्र रिपेयर्स समेत छह दुकानों पर एक-एक बच्चा काम करता मिला। अभिभावकों को बुलाकर बच्चों का सुपुर्द किया गया। वहीं बाल श्रम करा रहे दुकानदारों विरुद्ध कार्यवाही शुरू की गई है। इस दौरान बाल श्रम के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधानों एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी गई। सहायक श्रमायुक्त रामअशीष ने बताया कि दस दिन अभियान चलेगा।