चकरनगर (इटावा)। थाना भरेह क्षेत्र के गांव गढ़ा कासदा में शुक्रवार को बीमार पुत्र की मौत से सदमे में पिता ने भी दम तोड़ दिया। दो दिनों में पिता-पुत्र की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
गढ़ा कासदा निवासी करन दोहरे (16) पुत्र अमर सिंह दोहरे की 19 नवंबर को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई। बड़े बेटा शैलेंद्र दोहरे जो मुंबई में मजदूरी करता है। भाई की मौत की खबर सुनने के बाद शुक्रवार को गांव पहुंचा। शैलेंद्र ने रोते-बिलखते छोटे भाई का अंतिम संस्कार यमुना घाट पर कराया। इस दौरान गांव के एक युवक ने उसे सूचना दी कि उसके पिता अमर सिंह दोहरे की भी मौत हो गई है।
पिता की मौत की खबर सुनते ही शैलेंद्र बेसुध होकर फूट-फूटकर रोने लगा। परिवार की स्थिति बेहद दयनीय बताई जा रही है। करन ही बीमार पिता की देखभाल करता था। उनकी मां की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। अमर सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और बेटे की मौत का सदमा उन्हें सहन नहीं हुआ। एसडीएम चकरनगर ब्रह्मानंद कठेरिया ने बताया कि अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। लेखपाल को भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी।