कानपुर। गीतानगर में 24 घंटे पहले एक युवक की खुले नाले गिरने से मौत के बाद नगर निगम जागा। सोमवार को उसने उस नाले का ढंक दिया। लेकिन, अभी भी उस्मानपुर, शारदानगर, गोविंदनगर, किदवईनगर सहित विभिन्न मोहल्लों में नाले खुले हैं। यह एक तरह से माैत के दरवाजे खुले पड़े हैं। पहले भी खुले नालों में गिरने से लोगों की जान जा चुकी है।
उस्मानपुर में वेंडी स्कूल के पास गंदगी से पटा नाला खुला पड़़ा है। उस्मानपुर में कांशीराम कालोनी के पास नाला सफाई के लिए हटाई गई पटिया दोबारा नहीं रखी गई। जूही डिपो से बारादेवी तक नाला खुला होने के साथ ही गंदगी पसरी है। शारदानगर नाला और गोविंदनगर में नटराज टाॅकीज से बाजार, रामलीला मैदान की तरफ नाले के स्लैब के बीच खुले चैंबरों को ढंका नहीं गया है। इससे भी ज्यादा बदतर हालत नालियों की है।