कानपुर देहात। जिले के दस ब्लॉकों की 618 ग्राम पंचायतों में सिर्फ 192 ग्राम पंचायतों में दो तिहाई ग्राम सदस्यों का कोरम पूरा है। अब इन पंचायतों के प्रधानों को 25 व 26 मई को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई जाएगी।
शासन ने शनिवार को संघटित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को 25 व 26 मई को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाने का आदेश जारी किया है। इस पर पंचायती राज अनुभाग तीन के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस बाबत निर्देश जारी किए हैं। संघटित ग्राम पंचायतों की अधिसूचना 24 मई को डीएम जारी करेंगे। इसके बाद तय स्थानों पर प्रधानों को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई जाएगी।
27 मई को इन ग्राम पंचायतों की पहली बैठक की जाएगी। डीपीआरओ अनिल कुमार ने बताया कि शासन से निर्देश जारी किए हैं। इसी के अनुसार आरओ से संघटित ग्राम पंचायतों की रिपोर्ट मांगी गई है। इसी रिपोर्ट के अनुसार शपथ ग्रहण की कार्रवाई होगी। फिलहाल जिले के दस ब्लॉकों की 618 ग्राम पंचायतों में सिर्फ 192 ग्राम पंचायतों में दो तिहाई ग्राम सदस्यों का कोरम पूरा है। अब इन पंचायतों के प्रधानों को 25 व 26 मई को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई जाएगी।
मैथा में 28 ग्राम प्रधान लेंगे शपथ
शिवली। विकास खंड मैथा में 74 ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। केवल 28 ग्राम पंचायतों में ग्राम सदस्यों का कोरम पूरा है। इन्हीं प्रधानों को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई जाएगी। मैथा ब्लॉक की 46 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा नहीं है।
प्रभारी एडीओ पंचायत अखिलेश कुशवाहा ने बताया कि बाघपुर, टोडरपुर, हीरामन शिवली, ढाकन शिवली, लालपुर शिवराजपुर, सुनवर्षा, निहुटा, फत्तेपुर, रास्तपुर, ककरदही, लमहारा, देवीपुर, मरहमताबाद, बैरी सवाई, नौबस्ता, असई, ककरमऊ, कैलई, रावतपुर, सिंहपुर शिवली, रामपुर शिवली, भैरोशाहजहांपुर, जुगराजपुर शिवली, गहलो जर्बी, भेवान, सरैयां ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा है।