कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कैंपस में संचालित 13 स्कूलों के 175 कोर्सों में अकादमिक सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्रों को प्रवेश से पहले विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
विश्वविद्यालय की डीन एकेडेमिक प्रो.बृष्टि मित्रा ने बताया कि परिसर में संचालित कुल कोर्सों में से 18 में दाखिला प्रवेश परीक्षा से होगा। यूआईईटी की सभी ब्रांचों में प्रवेश जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन, फार्मेसी में ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट, बीएड में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम, इंटीग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम साइंस एंड आर्ट्स में एनटीए, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन, मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, एमए क्लीनिकल साइकोलॉजी, बीएससी क्लीनिकल साइकोलॉजी, एमएड, बीफार्मा में विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया से प्रवेश होगा। 157 कोर्सों में मेरिट के आधार पर पर्सनल इंटरव्यू व कुछ कोर्सों में ग्रुप डिस्कशन से प्रवेश होगा।
विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.csjmu.ac.in के होमपेज पर दिए गए लिंक के जरिये ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण वाले वेबपेज पर एडमिशन ब्रोशर भी दिया गया है जिसमें सभी 13 स्कूलों के 175 कोर्सों में सीटों की संख्या, फीस, कोर्स कोऑर्डिनेटर का नाम और मोबाइल नंबर सहित विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण करते समय फोटो, साइन, शैक्षणिक व व्यक्तिगत जानकारी के साथ 300 रुपये ऑनलाइन फीस जमा करके पंजीकरण पूरा कर सकेंगे। अन्य जानकारी के लिए विवि की वेबसाइट के जरिये संबंधित विभागों से भी संपर्क कर सकते हैं।