परिजनों ने सड़क पर शव रख काटा हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां डंपर ने साइकिल सवार वृद्ध को रौंद दिया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों व क्षेत्रीय लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया।
यह घटना गल्लामंडी के पास की है। हादसे में ब्रह्मानंद द्विवेदी (65) निवासी पहाड़पुर चुंगी चौकी की मौत हुई है। ब्रह्मानंद किदवई नगर रामेश्वरम मंदिर में पंडिताई करते थे। मंदिर से घर लौटते वक्त हादसा हुआ। परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, तीन लड़के और दो बेटियां हैं।
परिजन सड़क जाम कर स्पीड ब्रेकर बनवाने व मुआवजे की मांग पर अड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।