यूपी में बांदा जिले के नरैनी में सड़क निर्माण में लगे चार मजदूरों को शनिवार की रात निर्माण स्थल पर सोते समय बेकाबू ट्राला ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क निर्माण करा रही कंपनी के इंजीनियर ने ट्रक छोड़कर फरार हो गए अज्ञात चालक के विरुद्ध लापरवाही से ट्रक चलाने सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
सीमावर्ती मध्य प्रदेश के कालिंजर मार्ग पर सिद्धार्थ कंट्रक्शन कंपनी द्वारा फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण में लगे मजदूर काम खत्म करने के बाद रोजमर्रा की तरह शुक्रवार की रात सुखना नाला के पास सड़क किनारे अपने अस्थायी बनाए अड्डे में सो रहे थे।