चित्रकूट। शुक्रवार रात 10 से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन को लेकर लोगों में जरूरी चीजें खरीदने को लेकर आपाधापी रही। लोगों को लॉकडाउन की अवधि बढ़ने की भी आशंका है। इससे रोजमर्रा की जरूरत की चीजों को लोगों में स्टोर करने की भी होड़ रही। वहीं जिला मजिस्ट्रेट शेषमणि पांडेय ने बताया कि सफ ाई, स्वच्छता व स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को वृहद अभियान चलाया जाएगा। इसमें शामिल सभी अधिकारी, कर्मचारी इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। इनसे संबंधित कार्यालय भी खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
लॉकडाउन को लेकर सुबह से देर शाम तक बाजारों में रोज की अपेक्षा भीड़ रही। किराना की दुकानों से कई दिन की सामग्री खरीदी गई। लोग जरूरी कामों को निपटाने में लगे रहे। दूसरे शहरों से घर आने की भी आपाधापी रही। इससे बसों में रोज की अपेक्षा भीड़ नजर आई। लॉकडाउन को लेकर जिला मजिस्ट्रेट शेषमणि पांडेय ने बताया कि ट्रेन से आने वाले यात्रियों के आवागमन के लिए बसों की व्यवस्था उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से की जाएगी। इन बसों को छोड़कर उत्तर प्रदेश रोडवेज की सेवाओं का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर परिवहन जारी रहेगा। इनके किनारे स्थित पेट्रोल पंप और ढाबे खुले रहेंगे।
डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड-19, संचारी रोग सर्विलांस टीम के माध्यम से घर के सदस्यों की व्यापक मेडिकल स्क्रीनिंग और सर्विलांस का अभियान चलता रहेगा। इनसे संबंधित कार्यालय भी खुले रहेंगे।