उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में डेंगू की चपेट में आने से जिले के 10 मरीजों का कानपुर और लखनऊ मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। सोमवार को डेंगू की पुष्टि रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग की संक्रामक रोग टीम मरीजों के घर पहुंची। घरों के आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया।
मौसम में बदलाव के साथ ही डेंगू का कहर तेजी से बढ़ रहा है। एक सप्ताह के अंदर जिले में डेंगू के 21 मरीज मिल चुके हैं। जिला संक्रामक रोग विभाग के नोडल अधिकारी डा. आरएस मिश्रा ने बताया कि तापमान में गिरावट के साथ ही डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का घनत्व बढ़ जाता है।
दिन के समय डेंगू का मच्छर लोगों को अपना शिकार बनाता है। सोमवार को वह कई मरीजों के घर भी पहुंचे। असोहा के उमरा गांव में उन्होंने एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ दवा भी वितरित की। नगर पालिका फागिंग कराने को तैयार नहीं है। जबकि नगर पालिका को मलेरिया विभाग दवा उपलब्ध करा चुका है। ईओ रामपूजन का कहना है कि जल्द ही फागिंग कराई जाएगी।
शहर के हिरन नगर निवासी अंशुमान सिंह, असोहा उमरा निवासी शशि दीक्षित, गांधी नगर निवासी छात्रा गरिमा मिश्रा, विष्णु तिवारी, जाहिल अहमद, शुक्लागंज निवासी सुनीता मिश्रा, अनूप और मुकेश शामिल हैं। जबकि शशिपाल और आसिफ के पते की पुष्टि नहीं हो सकी।