कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों ने मांगे पूरी न होने पर बुधवार से कार्य बहिष्कार कर दिया। अनुमोदन के बावजूद मानदेय बढ़ोतरी न किए जाने से नाराज होकर धरने पर बैठ गए।
उत्तर प्रदेश आजीविका कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह व संरक्षक तॉकिर आलम ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन वृद्धि, मेडिकल व जीवन बीमा की सुविधा दिए जाने सहित 11 मांगे पूरी किए जाने को लेकर उपायुक्त को शनिवार को ज्ञापन सौंपा था। इसमें दूरस्थ कर्मियों को गृह जनपद में स्थानांतरण, लंबित वेतन भुगतान आदि मांगें शामिल हैं।
उनकी मांगों को पूरा किए जाने को लेकर अधिकारियों से कोई आश्वासन नहीं दिया गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मांग पूरी न किए जाने पर 24 व 25 सितंबर को कार्य बहिष्कार किए जाने की चेतावनी भी दी गई थी।इसीक्रम में सभी कर्मचारियों ने बैठक कर विकास भवन परिसर में धरना देते हुए कार्य बहिष्कार किया है। यहां जिला मिशन प्रबंधक पूजा वर्मा, गरिमा सचान, धर्मेंद्र गौतम, गोविंद पंचाल आदि मौजूद रहे।