रसूलाबाद। बच्चों को गीत गाकर और पैटर्न पहचानने के लिए प्रेरित कर उनकी सीखने की क्षमता बढ़ाएं। ये बातें आरपीएस इंटर कॉलेज, रसूलाबाद में चल रहे पांच दिवसीय एफएलएन एनसीईआरटी आधारित पाठ्य पुस्तकों के प्रशिक्षण के तीसरे दिन बुधवार निरीक्षण करने पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह ने शिक्षकों से कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों की कोशिशों की प्रशंसा करें और गलतियों पर धीरे से सुधार करें।बातचीत के साथ खेल-खेल में शब्दों को दोहराएं। घटते हुए नामांकन व उपस्थित की समस्या को दूर करें।
संदर्भदाता सोनू सिंह ने कक्षा तीन में अंग्रेजी विषय की नई पुस्तक संतूर के विषय में शिक्षकों से कहा कि बच्चों की आस-पास की चीजों के नाम और उनके बारे में बताने के लिए प्रोत्साहित करें। बच्चों से अक्षरों के नाम और ध्वनियों के बारे में बात करें। संदर्भदाता हिमांशु गुप्ता ने गणित विषय के अभ्यास कार्य के महत्व को शिक्षकों को बताया और कहा कि बच्चों को प्रतिदिन अभ्यास कार्य अवश्य दें। अभ्यास कार्य को प्रतिदिन चेक भी करें। उन्होंने कहा कि गणित के सरल तरीकों को सिखाने पर ध्यान दें।
संदर्भदाता मुकेश दिवाकर ने समय सारणी के अनुपालन के साथ विज्ञान किट, गणित किट, टीएलएम, खेल सामग्री और पुस्तकालय के प्रभावी उपयोग को शिक्षकों को बताया। संदर्भदाता दिनेश कुमार ने गतिविधि आधारित शिक्षण की उपयोगिता को शिक्षकों को बताया और कहा कि बच्चों को गतिविधियों में शामिल करें और उनसे गतिविधि से जुड़े हुए प्रश्न पूछे। प्रशिक्षण में किरण चतुर्वेदी, साधना सर्वेश कुमार, सीमा, राजेश कुमार, शिवानी श्रीवास्तव, महेश, रीना बाजपेई, इदरीश, अनिल कुमार आदि शिक्षक रहे।