कोरोना से बचाव के लिए अब कोविशील्ड के साथ कोवाक्सिन भी लगेगी। कोवाक्सिन की डोज नए सेंटरों पर दी जाएगी। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिग में इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
कहा गया कि कोविशील्ड और कोवाक्सिन का इस्तेमाल ऐसे किया जाएगा कि डोज लगने में गड़बड़ी न हो। जिसे कोविशील्ड की पहली डोज लगी है, उसे दूसरी डोज भी कोविशील्ड की ही लगे। चार और पांच फरवरी को लगने वाली डोज की तैयारी की समीक्षा की गई।
अधिकतम स्वास्थ्यकर्मियों का चार फरवरी तक वैक्सीनेशन कवरेज के लिए कहा गया है। नगर में 10 हजार 17 हेल्थ वर्कर को डोज दी जा चुकी है। 7500 बचे हैं। पांच फरवरी के सेशन में भी बचे हेल्थ वर्कर को वैक्सीन लगाई जाएगी। निर्देश दिए कि 11 फरवरी के राउंड में जहां वैक्सीन कम पड़ रही है, वे तुरंत डिमांड भेज दें।
अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. जीके मिश्रा ने बताया कि उन्हीं लाभार्थियों को दूसरी डोज दी जाएगी, जिनका नाम पोर्टल पर अपलोड सूची में है। हाथ से भेजे गए आंकड़ों पर डोज नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगर में अभी वैक्सीन बची है। 80 फीसदी तक सेंटरों पर कवरेज हुआ है।