कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में रविवार को एक दुकानदार को गल्ला से रुपये निकालने का विरोध करने भारी पड़ गया। उसे एक भाजपा नेता ने साथियों संग डंडों से पीटा। दुकानदार को पीटने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं तलवार लहराने और गाली गलौज का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, भाजपा नेता का आरोप है कि दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी कार पर हमला किया और कार व भतीजे की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। दोनों पक्षों की तरफ से कल्याणपुर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सराय चौराहा निवासी अमित राठौर घर के पास ही फूड स्टॉल चलाते हैं। अमित का आरोप है कि रविवार रात 10:15 बजे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ दुकान पर आए और गल्ला खोलकर रुपये निकालने की कोशिश करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उस पर कांच की बोतले और सामान भी फेंका गया। आरोपियों ने दुकान में घुसते ही पहले तोड़फोड़ भी की। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वहीं, आवास विकास नंबर तीन निवासी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने भी थाने में तहरीर दी है।