झींझक। शौचालय निर्माण ही पहली किस्त जारी होने के बावजूद लाभार्थी काम पूरा नहीं करा रहे हैं। इस पर एडीओ पंचायत ने आठ ग्राम पंचायतों के 124 लाभार्थियों को दूसरा नोटिस जारी कर जल्द शौचालय निर्माण कराने की चेतावनी दी है।
पिछले साल अक्तूूबर में झींझक ब्लॉक के औरंगाबाद हीरामंशा गांव में शौचालय निर्माण के लिए 25 लाभार्थियों को पहली किस्त के तौर पर 6-6 हजार रुपये दिए गए थे। इसमें दस लोगों ने निर्माण नहीं कराया। औरंगाबाद डालचंद्र के 25 लाभार्थियों ने पहली किस्त मिलने के बाद भी निर्माण नहीं कराया।
चिरखिरी में 24 के सापेक्ष 16 लोगों ने शौचालय नहीं बनवाए। इसी तरह परजनी में बीस के सापेक्ष 11, मालतीपुर में 44 के सापेक्ष 29, पिलख गांव में 16 के सापेक्ष आठ, मंगलपुर में 24 के सापेक्ष 14 व शाहपुर में 20 के सापेक्ष 11 लाभार्थियों ने पहली किस्त मिलने पर भी शौचालय निर्माण शुरू नहीं किया।
इस पर एडीओ पंचायत कार्यालय से एक माह पूर्व नोटिस जारी किया गया था, लेकिन शौचालय नहीं बनवाए गए। मामले में अब दोबारा नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू की गई है।
एडीओ पंचायत झींझक रजनीश वर्मा ने बताया कि प्रथम किस्त व नोटिस जारी होने के बाद भी जिन लोगों ने शौचालय निर्माण नहीं कराया है उनको दूसरा नोटिस भेज कर जल्द काम कराने की चेतावनी दी गई है।