सच्चे सपाई नहीं, तमंचावादी और परिवारवादी बचे : योगी
- भगवंतनगर में चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री ने सपा पर साधा निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
पाटन (उन्नाव)। भगवंतनगर में शुक्रवार को चुनावी जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सच्चे समाजवादी तो लोहिया और नरेंद्र देव थे। अब तो तमंचावादी और परिवारवादी बचे हैं। जो अपने शासनकाल में पैसा लेकर जनता को बिजली नहीं दे पाए, वह अब फ्री बिजली देने की बात कह रहे हैं। सपा सरकार में बिजली का भी मजहब होता था। ईद और मोहर्रम पर बिजली आएगी। होली, दिवाली होगी तो नहीं आएगी। भगवंतनगर कस्बा स्थित आरआरबीएन कालेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष शुक्ला के समर्थन में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में पांच साल में 700 दंगे हुए। भाजपा सरकार में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। अब तो दंगाई भी जानते हैं कि यदि दंगा किया तो अगले ही दिन ही पोस्टर और 24 घंटे में वसूली का नोटिस लग जाएगा।
शिवपाल की हुई दुर्गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि करहल में भाजपा की बढ़त देखकर सपाई वहां रोज दौड़ लगा रहे हैं। खुद मुलायम सिंह ने मंच से प्रत्याशी का नाम लेने के बजाय कहा कि आप जिसको जिताना चाहते हो जिता दो। सबसे बड़ी दुर्गति बेचारे शिवपाल की हुई, जिसे प्रदेश स्तर का नेता होने के बाद भी कुर्सी नहीं मिली तो सोफे के हत्थे पर बैठना पड़ा।
अहमदाबाद ब्लास्ट के आरोपी का सपा से संबंध
मुख्यमंत्री ने कहा कि अहमदाबाद में 2008 में हुए सीरियल ब्लास्ट के मामले में 49 दोषियों को सजा सुनाई गई है। जिसमें फांसी की सजा पाए आजमगढ़ के आरोपी का नाम सपा से जुड़ा है। सपा की मानसिकता आतंकवादियों को संरक्षण देने की थी।
यूपी को नंबर दो अर्थव्यवस्था बनाया
सीएम ने कहा कि पांच साल में यूपी को बीमारू राज्य से बाहर निकाला। आज यह अर्थव्यवस्था के मामले में देश में दो नंबर पर है। विकास के लिए सुरक्षा आवश्यक है। निवेश और रोजगार बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि जो वैक्सीन का विरोध करते थे, आज उनको जवाब देने का वक्त है। डबल इंजन की सरकार ने डबल डोज राशन का भी दिया है। सरकार ने 1.31 लाख मजरों को रोशन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सैफई महोत्सव होता था। अब दीपोत्सव हो रहा है। मथुरा, वृंदावन, काशी के उत्सव व प्रयागराज का कुंभ पूरी दुनिया देखती है।