पंचायत उपचुनाव (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव में त्रिस्तरीय पंचायत के उपचुनाव के लिए रविवार को नामांकन होंगे। जिला पंचायत सदस्य को कलक्ट्रेट के एडीएम न्यायिक न्यायालय कक्ष व अन्य पदों के उम्मीदवारों को संबंधित ब्लॉकों में पर्चा भरना होगा। जिले में एक जिला पंचायत सदस्य की सीट खाली है।
सिकंदरपुर कर्ण प्रथम से नवनिर्वाचित सदस्य देशराज पासी की बीमारी से मौत हो गई थी। प्रधान पद की पांच, बीडीसी की तीन व ग्राम पंचायत सदस्यों के 4651 पद रिक्त हैं। पंचायत सदस्यों के पद रिक्त होने से 444 ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले पाए हैं।
इससे यहां पर ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो सका है। सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत/निकाय) डॉ. संजय द्विवेदी ने बताया कि रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन होगा। उसी दिन पर्चों की जांच होगी। 7 जून को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी और उसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। 12 जून को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 14 जून को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी।
तौरा गांव में भी होंगे उपचुनाव
बिछिया ब्लाक की तौरा ग्राम पंचायत की प्रधान सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित थी। पूर्व में हुए चुनाव के दौरान इस सीट पर नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के पास एसटी का जाति प्रमाणपत्र नहीं था। इस कारण यहां पर चुनाव निरस्त कर दिया गया था। अब यहां भी उपचुनाव होने हैं। इसके अलावा सुमेरपुर की देवारा, हसनगंज की भोगला, हसनापुर और फतेहपुर चौरासी ग्रामीण में भी प्रधान सीट रिक्त है।