कानपुर। शिवा सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर नोएडा सुपरकिंग्स ने रविवार देर रात ग्रीनपार्क में बारिश से प्रभावित मुकाबले में मेरठ मवारिक्स को पांच विकेट से हराकर यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया। नोएडा ने नौ मैचों में पांचवीं जीत दर्ज कर 10 अंक हासिल किए। लगातार आठ मुकाबले जीतने वाली मेरठ की टीम को पहली हार का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण मैच करीब ढाई घंटे बाधित रहा। पहले इसे 12-12 ओवर का कराने का निर्णय हुआ, लेकिन दोबारा बारिश के बाद मुकाबला रात करीब 11 बजे पांच-पांच ओवर का कराया गया। मेरठ ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और पांच ओवर में पांच विकेट पर 33 रन बनाए। डकवर्थ लुइस नियम के तहत नोएडा को 35 रन का लक्ष्य मिला।
स्वास्तिक चिकारा ने 14 रन बनाए, लेकिन प्रशांतवीर ने उन्हें स्टंप करा दिया। अक्षय दुबे और कप्तान दिव्यांश जोशी खाता नहीं खोल सके और दोनों को शिवा सिंह ने पवेलियन भेजा। इशु शर्मा ने 16 रन बनाए। अंतिम ओवर में शिवा ने तीन विकेट झटककर मेरठ की पारी को 33 रन पर रोक दिया। उन्होंने छह रन देकर पांच विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा के लिए नदीम ने तीन विकेट लेकर दबाव बनाया। रवि सिंह ने 17 रन बनाए। शिवा सिंह दो रन पर आउट हुए, लेकिन आदित्य शर्मा ने नाबाद 10 रन की पारी खेलकर टीम को 3.3 ओवर में जीत तक पहुंचाया। नोएडा के पांच विकेट गिरे।