कानपुर। चमनगंज में एक तरफ झुके मानक के विपरीत निर्माणाधीन भवन की मरम्मत का जिम्मा केडीए ने बिल्डर को ही सौंप दिया है। केडीए अधिकारियों ने बिल्डर से किसी प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर से भवन का परीक्षण करा रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा है।
बता दें कि चमनगंज के प्लॉट नंबर- 3, मठिया वाला हाता में बिल्डर कमरुद्दीन ने मानक विहीन भवन तान दिया था। नींव कमजोर होने से बारिश में यह भवन एक तरफ झुक गया है। आसपास की करीब चार हजार की आबादी को बिल्डिंग गिरने का डर सता रहा है। रविवार को केडीए अधिकारियों ने निरीक्षण किया। बताया कि यह भवन करीब ढाई से तीन फीट चौड़ी संकरी गली में बना है। भवन गिराने के लिए बड़ी मशीनें गली के अंदर तक नहीं जा सकेंगी। बिल्डर को बुलाकर उससे ही भवन को सुरक्षित कराने के लिए कहा है। साथ ही, वह किसी प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर से भवन का परीक्षण भी करा रिपोर्ट देगा। उसके बाद देखा जाएगा कि क्या हो सकता है।
केडीए ने दर्ज कराई थी एफआईआर
मानक विहीन भवन छह दिन पहले बाईं ओर झुक गया था। तीन दिन पहले प्रशासन ने जानकारी होने पर भवन गिराने की जगह हाते में रहने वाले 17 परिवारों के घर के सामने क्रॉस का निशान लगाकर घर खाली करने का नोटिस चस्पा कर दिया। हालांकि, झुके भवन को अब तक नहीं गिराया गया। मामले में शुक्रवार को बिल्डिंग सील कर केडीए प्रवर्तन प्रभारी अधिकारी जोन 1 की तरफ से चमनगंज थाने में बिल्डर कमरुद्दीन और अखिलेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
एचबीटीयू के प्रोफेसर से भी कराएंगे परीक्षण
केडीए अधिकारी एचबीटीयू के किसी स्ट्रक्चरल प्रोफेसर से भी मानक विहीन बनी इस बिल्डिंग का परीक्षण कराने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, रविवार को अवकाश की वजह से यह संभव नहीं हो सका। सोमवार को केडीए अधिकारी एचबीटीयू प्रबंधन से इस संबंध में बातचीत करेंगे।
वर्जन
अभी बिल्डर से ही भवन को सुरक्षित कराने के लिए कहा है। वही प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर से परीक्षण भी कराएगा। इसके बाद आला अधिकारियों का जो निर्देश होगा उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। - अतुल कुमार रॉय, सहायक अभियंता, जोन-1, केडीए