मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सरकारी स्कूलों में बायोमीट्रिक अटेंडेंस तो अनिवार्य कर दी लेकिन उन स्कूलों के बारे में जरा भी ख्याल नहीं किया जहां आज तक बिजली नहीं पहुंची।
इस संबंध में डीआईओएस ने बुधवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन बेनाझाबर में शहर के राजकीय और एडेड कॉलेजों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक की। नए सत्र से शिक्षा में सुधार के लिए चर्चा हुई। डीआईओएस विनय मोहन वन ने सभी को 1 जुलाई से पहले बायोमीट्रिक अटेंडेंस और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए सख्ती से कहा। इस पर 6 राजकीय और 18 एडेड स्कूलों के प्रिंसिपलों ने बताया कि उनके यहां बिजली ही नहीं है तो बायोमीट्रिक अटेंडेंस और सीसीटीवी कैमरे कैसे चलेंगे। डीआईओएस ने इस संबंध में डीएम से बात करके बिजली का कनेक्शन कराने का भरोसा दिलाया है।
बैठक में डीआईओएस विनय मोहन वन ने प्रिंसिपलों से कक्षा-6, 9 और 11 में नामांकन के दौरान छात्रों का आधार नंबर अनिवार्य करने की बात कही। 9वीं और 11वीं के रिजल्ट के सत्यापन को एक सप्ताह में पूरा करने की हिदायत दी है। अब सभी स्कूलों में एक समान शैक्षिक पंचांग से पढ़ाई होगी।
मीटिंग में नहीं आने वाले 28 स्कूल के प्रिंसिपलों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है। सरकारी योजनाओं का पात्र छात्र-छात्राओं को शत प्रतिशत लाभ दिलाने की बात कही है। 21 जून को होने वाले योग दिवस में शहर के सभी स्कूलों को प्राथमिकता से हिस्सा लेने की बात कही है। इसमें डीआईओएस द्वितीय एसएन चौरसिया, सह जिला विद्यालय निरीक्षक संगीता सिंह सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।