कानपुर देहात के राजपुर कस्बे में लॉकडाउन के दौरान अवैध तरीके से चल रहे पेठा कारखाने में शुक्रवार को एसडीएम ने पुलिस के साथ छापा मारा। कारखाने के बाहर लगे ताले को खुलवाया तो अंदर नौ मजदूर काम करते मिले। सभी को मेडिकल परीक्षण के बाद कारखाने में ही क्वारंटीन किया गया है।
संचालक कारखाना संबंधित कोई भी कागज नहीं दिखा सका। एसडीएम ने कारखाना संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। सभी मजदूर 22 अप्रैल को शिकोहाबाद से आए थे। राजपुर कस्बे में पेठा कारखाना चलने व उसमें काफी संख्या में बाहर के मजदूरों के काम करने की शिकायत शुक्रवार को किसी ने जिला कंट्रोल रूम में दी थी।