एचबीटीआई में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बहू ने फांसी लगाकर
जान दे दी। नौ महीने पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत
में लिया है। मोहल्ले वालों के मुताबिक एक शादी में जाने की बात पर दोनों
में मंगलवार सुबह झगड़ा हुआ थ्ाा।
मूलरूप से सुल्तानपुर के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद एचबीटीआई के परीक्षा विभाग में कर्मचारी हैं और कैंपस में ही रहते हैं। राजेंद्र पत्नी के साथ सुल्तानपुर गए हुए थे और घर में बेटा विपिन, बहू पूनम थी। विपिन कॉल सेंटर में काम करता है। पुलिस को विपिन ने बताया कि वह आॅफिस में था, उसके पास पानीपत से साली का फोन आया कि पूनम का फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद वह घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसी के घर से अंदर पहुंचा तो देखा कि पूनम किचन में फंदे पर लटक रही थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। पुलिस को पूनम का मोबाइल विपिन के पास मिला, जिसकी काॅल डिटेल निकाली जा रही है। बेड पर लैपटॉप खुला था और किचन में खाना रखा हुआ था। फोरेंसिक टीम ने लैपटॉप कब्जे में लिया है।