‘अल्लाह दुहाई है बेताबी छाई है..’ गीत संग थिरके कदम एक बार उठे तो फिर देर रात तक थिरकते ही रहे। मौका था रेड एफएम 93.5 बजाते रहो की फुल वॉल्यूम शनिवार परफारमेंस ‘अनुष्का मनचंदा नाइट’ का।
सीएसजेएम यूनिवर्सिटी में आयोजित इस नाइट में बॉलीवुड की पॉप सिंगर अनुष्का ने अपनी धमाकेदार इंट्री से कनपुरियों को वीकेंड का खूब मजा दिया। प्रिंट मीडिया पार्टनर ‘अमर उजाला’ के साथ अनुष्का ने नाचते-गाते गोलमाल गोलमाल.., आज की रात.., रात बाकी बात बाकी.., ऊंची वाली हील पहन के .., बचना ऐ हसीनों.., हम्मा-हम्मा और सजना की वारी-वारी जाऊगी मैं..संग बेजुबान.. गाने पेश किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसपी शलभ माथुर का स्वागत रेड एफएम की स्टेशन हेड प्रीती भगत ने किया। इसके बाद रेड एफएम की ओर से आयोजित वीनस सोप प्रतियोगिता ‘असली खूबसूरती की पहचान’ की विजेता सीओ कलक्टरगंज ममता कुरील, सब इंस्पेक्टर रेल बाजार विजय मिश्रा, क्राइम ब्रांच की एसआई पूनम अवस्थी, एसआई रीना गौतम, एसआई वर्षा श्रीवास्तव के अलावा अमनदीप सेठी, एकता अग्रवाल, रिमझिम मोवार, अमरीन खान, वर्षा दीक्षित और अलका सिंह को सम्मानित किया गया।
अगली कड़ी में अनुष्का ने अपनी दमदार आवाज में पॉप की मस्ती दिखाई। डांस, म्यूजिक और गीतों के बीच अनुष्का ने ‘गणपति बप्पा मोरिया’ की धुनी रमाई और कनपुरियों के साथ खूब डांस किया। कनपुरिया भी अनुष्का की धुन पर मस्त होकर झूमे। इससे पहले कार्यक्रम में आरजे पूरब ने रंग जमाया।