भारत और न्यूजीलैंड के बीच 25 नवंबर से ग्रीनपार्क में शुरू होने वाले टेस्ट मैच की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने पांच सितारा होटल लैंडमार्क में दोनों टीमों के लिए 70 कमरे बुक कराए हैं। यहां पर सपोर्टिंग स्टाफ व बीसीसीआई के अधिकारी भी रुकेंगे।
वहीं प्रसारण कंपनी के लिए होटल विजय विला को फाइनल किया गया है। इसके अलावा यूपीसीए ने अपने अधिकारियों व अन्य स्टाफ के लिए शहर के प्रमुख होटलों से कमरों व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी मांगी है।
ग्रीनपार्क पहुंचे मंडलायुक्त व नगर आयुक्त, तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश
पांच साल बाद ग्रीनपार्क में टेस्ट मैच को हरी झंडी मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मंगलवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर, नगर आयुक्त शिवशरणअप्पा जीएन ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने न्यू प्लेयर पवेलियन, मीडिया गैलरी, स्टूडेंट गैलरी, वीआईपी गैलरी और मुख्य स्टेडियम का जायजा लिया।