नई शिक्षा नीति के तहत शैक्षणिक संस्थान रोजगार परक कोर्सेस पर जोर दे रहे हैं। इसी के तहत सीएसए में छात्रों के लिए नए सत्र में कई सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।
कानपुर की चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में नए सत्र से नई शिक्षा नीति के तहत सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जाएंगे। संस्थान की ओर से कोर्स संचालन के लिए शासन को रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। इन कोर्सों में सीएसए समेत बाहर के छात्र भी दाखिला ले सकेंगे।
विज्ञापन
यह कोर्स होंगे शुरू
कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने बताया कि मशरूम उत्पादन, स्वाइल टेस्टिंग, एग्री बिजनेस मैनेजमेंट, जैविक खेती और मधुमक्खी पालन जैसे रोजगार परक कोर्सों को नई शिक्षा नीति के अंतर्गत डिजाइन किया गया है। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग, बेसिक्स ऑफ टेलीविजन इंजीनियरिंग, मटेरियल टेस्टिंग, वोकेशनल ट्रेनिंग ऑन वेल्डिंग, मार्केटिंग मैनेजमेंट, बिजनेस स्किल्स, एनर्जी टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, फिश प्रोडक्ट्स आदि से संबंधित कोर्सेस भी शामिल किए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि ये कोर्स एक से तीन माह के हैं। इनमें दाखिला लेने वाले से नाम मात्र का शुल्क लिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद सभी को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह कोर्स करने वालों का प्लेसमेंट कराने का भी प्रयास रहेगा। साथ ही स्टार्टअप करने वालों को सीएसए के स्टार्टअप सेल से भी जोड़ा जाएगा।