कानपुर। छात्रों को पढ़ाने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के उद्देश्य से छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय अब 250 बेड के अस्पताल के अलावा न्यूरो रीहैबिलिटेशन सेंटर की शुरुआत करने जा रहा है। यह सेंटर 20 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। 250 बेड का अस्पताल का 25 करोड़ की लागत से खोला जाएगा। विवि प्रशासन अस्पताल के माध्यम से एमबीबीएस समेत मेडिकल से जुड़े कोर्स की भी शुरुआत करने जा रहा है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला आना बाकी है।
विवि कैंपस में 17 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं नियमित पढ़ाई कर रहे हैं। विवि में पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं भी शुरू की जा रही हैं जिससे लोगों को कम खर्च में अच्छा इलाज मिल सके। विवि प्रशासन ने पीपीपी मॉडल के तहत 250 बेड का अस्पताल खोलने का प्रस्ताव तैयार किया था जिसे विवि की एकेडमिक काउंसिल में सहमति मिल गई है। अधिकारियों की माने तो यह अस्पताल मेडिकल कोर्स शुरू करने की शुरुआत है क्योंकि एमबीबीएस कोर्स के लिए यह प्राथमिक मानक है।
विवि के कुलपति ने मेडिकल कोर्स से जुड़े शिक्षकों से विस्तृत प्रस्ताव मांगा है। शासन की ओर से विवि में न्यूरो रीहैबिलिटेशन सेंटर के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। शासन से बजट मिलते ही सेंटर निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि भविष्य को देखते हुए विवि में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसी कड़ी में ही न्यूरो रीहैबिलिटेशन सेंटर और 250 बेड का अस्पताल शामिल हैं।