नजूल की जमीन का केयरटेकर बनाने की पूरी प्रक्रिया ही अवैध
एडिशनल सीपी हरीश चंदर ने बताया कि जमीन का विवाद इमैनुएल और सैमुएल के बीच चल रहा था। हरेंद्र मसीह, फिर अवनीश व जीतेश झा कैसे जमीन के बीच में आ गए, इसकी भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी हरेंद्र मसीह अगर जमीन का केयरटेकर है तो वह अवनीश को केयरटेकर कैसे बना सकता है। केयरटेकर की हैसियत वाले अवनीश ने जीतेश झा को कैसे पॉवर ऑफ अटार्नी कर दी। यह पूरी प्रक्रिया ही अवैध है।
नजूल की जमीन की सर्वे पूरा, 639.37 वर्गमीटर भूखंड गायब
केडीए ने नजूल की जमीन का सर्वे कर मंगलवार को रिपोर्ट एसआईटी को सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार अवनीश दीक्षित व उसके गिरोह के लोगों ने जिस नजूल की जमीन के भूखंडों (ब्लाॅक-15, भूखंड संख्या-69, 69ए प 69बी) पर कब्जे का प्रयास किया। वह 5.89 एकड़ यानि 23858.29 वर्गमीटर थी। केडीए और राजस्व की टीम ने जब सर्वे किया तो मौजूदा समय में भूखंड संख्या-69 में 15688.11 वर्गमीटर, 69ए में 1665.57 वर्ग मीटर व 69बी में 5865.24 वर्गमीटर ही जमीन मिली। टीम के अनुसार 639.37 वर्गमीटर मीटर जमीन कम है। ऐसे में पुलिस विभाग राजस्व विभाग से भी दोबारा जांच की संस्तुति करेगा। इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि बाकी जमीन किस प्रयोग में लाई गई।