कानपुर। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में मंगलवार को हुए मैच में नेशनल यूथ ने आदर्श क्लब को छह विकेट से और कानपुर क्रिकेटर्स ने ओलंपिक रजिस्टर्ड को आठ विकेट से हराया। वहीं गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने कानपुर जिमखाना को एक विकेट से और स्काई क्लब ने अशोका ज्योति को 10 विकेट से शिकस्त दी।
श्यामनगर स्थित पीएसी-ए मैदान पर खेले गए पहले मैच में आदर्श क्लब ने 32 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाए। टीम से देवेश तिवारी ने 63, सत्येंद्र यादव ने 37, राज कुशवाहा ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में दिव्यांशु पांडेय ने तीन, राधव, दानिश व अभिषेक राय ने एक-एक विकेट लिया। वहीं नेशनल यूथ ने 22 ओवर में चार विकेट पर 172 रन बनाकर मैच जीता। टीम से दिव्यांशु पांडेय ने 72, अरमान तिवारी ने 50 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में राज कुशवाहा ने दो, मुकेश व देवेश तिवारी ने एक-एक विकेट झटका। प्लेयर ऑफ द मैच दिव्यांशु पांडेय को चुना गया।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान हुए दूसरे मैच में ओलंपिक रजिस्टर्ड ने 30 ओवर में नौ विकेट पर 146 रन बनाए। टीम से प्रबल ने 41, यश ने 22 व शिवेंद्र ने 20 रन बनाए।गेंदबाजी में अशोक कुमार ने तीन, चारु सोनकर व अभिनव सिंह ने दो-दो विकेट लिए। वहीं कानपुर क्रिकेटर्स ने 23 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाकर जीत दर्ज की। जीत में आकाश त्रिवेदी ने 59, भवानी सिंह ने 57 व समन्वय दीक्षित ने 23 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवेंद्र व जैबिन अंसारी ने एक-एक विकेट चटकाया। प्लेयर ऑफ द मैच अशोक कुमार को चुना गया।
पनकी स्थित रामलखन भट्ट मैदान पर हुए तीसरे मैच में कानपुर जिमखाना की टीम 29.4 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। टीम से रिशु ने सर्वाधिक 36 रन बनाए तो गेंदबाजी में अध्ययन, अभय प्रताप सिंह व सौम्या पाल ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने 29 ओवर में नौ विकेट पर 129 रन बनाकर मैच जीता। टीम से राज सिंह ने 23, आयुष पांडेय ने 21, दिव्या प्रताप ने 18 रन जोड़े तो गेंदबाजी में यशराज गुप्ता ने तीन विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच अभय प्रताप सिंह को चुना गया।
जाजमऊ स्थित जेम्स मैदान पर हुए चौथे मैच में अशोका ज्योति की पूरी टीम 21.5 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। टीम से यश ने सर्वाधिक 18 रन बनाए तो गेंदबाजी में ईशु व शशांक सिंह ने तीन-तीन, माधव गुप्ता ने दो विकेट लिए। वहीं स्काई क्लब ने 16 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 103 रन बनाकर मैच जीता। वीर शर्मा ने 60 व अमृत ने 33 रन की पारी खेली। प्लेयर ऑफ द मैच वीर शर्मा को चुना गया।