बबेरू । पांच वर्षीय अपनी ही नातिन के साथ उम्र में 8 गुना बड़े रिश्ते के बाबा ने दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। अपने संगीन अपराध को छिपाने के लिए बालिका का शव घर के अंदर ही धान के पुआल में छिपा दिया। दुष्कर्मी चचेरे बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बालिका के बाबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना मरका थाना क्षेत्र के एक गांव की है। रविवार को शाम करीब 4 बजे बालिका घर में खेल रही थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला रिश्ते का रामबहादुर प्रजापति पुत्र गंगवा आया और उसे बहला फुसला कर तथा पेठा आदि खिलाने का झांसा देकर अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। अपनी ही तहमत से उसके गले में फंदा कसकर हत्या कर दी। शव को घर के आंगन में रखे पुआल आदि कचरे के ढेर में छिपा दिया। बालिका के देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की और शव खोज निकाला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी रामबहादुर को गिरफ्तार कर लिया। उसे हथकड़ी डालकर थाने के लाकअप में डाल दिया। बालिका के बाबा विजयपाल की तहरीर पर दुष्कर्म, हत्या, पाक्सो एक्ट आदि की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।