राजापुर (चित्रकूट)। तहसील क्षेत्र के कनकोटा गांव में प्रधान पद के प्रत्याशियों के बीच फर्जी मतदान कराने को लेकर जमकर मारपीट हुई। दो लोग घायल हो गए। आरोपियों ने बूथ के अंदर घुसकर मतपेटी में पानी डाल दिया। इसके अलावा कलवलिया गांव के पोलिंग बूथ से मतदान खत्म होने के बाद मतपेटी लेकर जाने वाली पोलिंग पार्टी को ग्रामीणों ने रास्ते में ही रोक लिया। मतपेटियों को बिना सील किए लेकर जाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर चुनाव अधिकारी, कर्मचारियों व ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पंचायत चुनाव में सोमवार की शाम को पहाड़ी ब्लाक के राजापुर क्षेत्र अंतर्गत कनकोटा गांव में प्राथमिक विद्यालय के बूथ के बाहर प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच एक दूसरे पर फर्जी मतदान कराने के आरोप लगाकर मारपीट कर दी। मारपीट में जगदीश शुक्ला और ननकू पांडेय घायल हुए। आरोप है कि दोनों ने ही बूथ के अंदर घुसकर बाल्टी में रखा पानी मतपेटी में डाल दिया। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने दोनों को पकड़ा और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम राजबहादुर, सीओ एसपी सोनकर व थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मतपेटी को पीठासीन अधिकारी की सुपुर्दगी में दिया गया। दोनों घायलों को अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मतदान प्रभावित करने के साथ ही कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। एसडीएम राजबहादुर ने बताया कि मतदान खत्म हो चुका था और मतपेटी सीज करते समय यह घटना हुई है। अब आगे इस पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और पुनर्मतदान भी हो सकता है।
कलवलिया प्राथमिक विद्यालय के बूथ से मतदान खत्म होने के बाद पोलिंग पार्टी मतपेटियों को लेकर जैसे ही बाहर निकलकर अपने वाहन में सवार होने लगी तो कुछ पोलिंग एजेंट व उनके समर्थक आए और आरोप लगाया कि मतपेटी सील नहीं की गई है। खुली मतपेटी नहीं ले जाने देंगे। एक प्रत्याशी के पक्ष में काम करने का भी आरोप लगाया। सूचना मिलते ही एसडीएम राजबहादुर व सीओ एसपी सोनकर मौके पर पहुंचे। पोलिंग पार्टी से पूरी जानकारी लेने के बाद दिखाया कि दोनों मतपेटी सीज हैं और उसमें सभी के हस्ताक्षर भी हैं। लगभग एक घंटे बाद ग्रामीण संतुष्ट हुए तब पोलिंग पार्टी रवाना हुई।
कोट
ग्राम कनकोटा में प्रधान प्रत्याशी जगदीश शुक्ला एवं द्वितीय पक्ष के प्रधान प्रत्याशी अजय पांडेय व उनके सहयोगियों के साथ विवाद हुआ है। जिसमें दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को चोटें आईं है। इस विवाद में एक पक्ष द्वारा मत पेटी का को भी नाले में फेंक दिया गया था। दोनों की स्थिति सामान्य है। मामले में पांच अभियुक्तों को हिरासत मे लिया गया है अन्य के लिए दबिश जारी है। सभी पर संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जाएगा और एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
अंकित मित्तल (पुलिस अधीक्षक )