कानपुर देहात। अकबरपुर के जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक नमकीन बनाने की फैक्टरी में शनिवार की भोर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ देर में ही आग विकराल हो गई। सूचना पर तीन फायर टैंकर लेकर पहुंचे दमकल जवानों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू की। फैक्टरी में सब कुछ जल गया। फैक्टरी मालिक ने करीब पांच करोड़ के नुकसान की बात कही है।
जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र के एल-15 प्लाट में संचालित डेलिस फूड प्रोडक्ट नमकीन फैक्टरी में शनिवार भोर करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यहां रुके गार्ड विजय की नींद खुली तो धुआं और लपटें देखकर वह सन्न रह गया। चीखते हुए वह बाहर भागा और यूपी-112 पर सूचना दी। कुछ देर में माती फायर स्टेशन से मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह व अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार दो फायर टैंकर लेकर पहुंचे।
आग न बुझती देख भोगनीपुर फायर स्टेशन से एक फायर टैंकर और मंगवाया गया। दमकल जवानों ने तीन तरफ से पानी की बौछार की। टैंकरों का पानी खत्म होने पर बगल की एक फैक्टरी से फायर टैंकरों को पानी लेना पड़ा। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू की जा सकी। इससे पहले फैक्टरी का ऑफिस, कंप्यूटर, मशीनें, रैपर, तैयार व कच्चा माल जलकर बर्बाद हो गया।
गनीमत रही की फैक्टरी के अंदर कोई नहीं था। हालांकि आग से फैक्टरी के शेड व दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा है। फैक्टरी के मालिक कानपुर के कल्याणपुर निवासी भूप सिंह ने बताया कि फैक्टरी में दस ड्रम रिफाइंड तेल, करीब 70 लाख के रैपर, रॉ मैटेरियल व तैयार माल भी रखा था।
आग से सब कुछ जल गया। करीब पांच करोड़ का नुकसान हुआ है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से नमकीन फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझा दी है।
फैक्टरी में नहीं थे आग काबू करने के इंतजाम
कानपुर देहात। जैनपुर की नमकीन फैक्टरी में आग काबू करने के लिए इंतजाम ही नहीं थे। यहां आग बुझाने के लिए केवल छह अग्निशमन यंत्र मौजूद थे, लेकिन जब तक जानकारी हुई तब तक आग इतनी बढ़ गई कि इनका प्रयोग नहीं हो सका। रिफाइंड, नमकीन व प्लास्टिक रैपर की आग को बुझाने के लिए पानी का स्टाक व फोम आदि का इंतजाम न होने से इतना बड़ा नुकसान हुआ।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि नमकीन फैक्टरी की फायर एनओसी नहीं है। फैक्टरी में आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे। यहां भूमिगत व ओवर हेड पानी के टैंक के अलावा होजरील पाइप आदि की कोई व्यवस्था नहीं मिली। फैक्टरी मालिक को नोटिस जारी कर नुकसान आदि का ब्योरा लिया जाएगा। (संवाद)