फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: ऑपरेशन महाकाल में तीन और भूमाफिया के नाम सामने आए

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। ऑपरेशन महाकाल में तीन और भूमाफिया के नाम सामने आ गए हैं। उनके खिलाफ डीसीपी कार्यालयों में कई शिकायतें पहुंची हैं। सभी की जांच जारी है। एक दो दिन में जांच की रिपोर्ट संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था के नेतृत्व में बनी कमेटी को प्रस्तुत की जा सकती है। इस कमेटी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


पुलिस सूत्रों के अनुसार, नौबस्ता, यशोदानगर, चकेरी, बिधनू, बिठूर, मंधना, चौबेपुर, कोहना, नवाबगंज क्षेत्र से ऑपरेशन महाकाल के अंतर्गत प्लॉट, जमीन और प्रतिष्ठान के लिए रुपये लेकर उसमें कब्जा नहीं देने की कई शिकायतें आई हैं। इनकी जांच की गई तो कई शिकायतें एक ही नाम के आरोपी के खिलाफ मिलीं। यह शिकायतें चारों जोन के डीसीपी कार्यालयों में आई थीं जिनकी जांच एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी से कराई गई। इसकी रिपोर्ट जेसीपी कानून व्यवस्था की कमेटी को भेजी गई है।
जेसीपी कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार ने बताया कि यह शिकायतें नौबस्ता, बिठूर और नवाबगंज क्षेत्र के हैं। इनका कार्य शहर के कुछ अन्य हिस्सों में भी चल रहा है। आरोपियों ने रुपये लिए, बैनामा कराया जबकि कब्जा नहीं दिया। रुपये देने वालों ने जब कब्जे के लिए कहा तो उन्हें धमकी दी गई। ऐसे तीन भूमाफिया के खिलाफ तीन से चार दिन में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन

ऑपरेशन महाकाल में अब तक 230 शिकायतें आई हैं जिनमें से 44 की जांच पूरी हो गई है। इन जांचों की रिपोर्ट को जेसीपी कानून व्यवस्था के नेतृत्व की बनी कमेटी के पास भेजा गया है। वहां हर रिपोर्ट की समीक्षा और कई पहलुओं पर जांच के बाद कार्रवाई के लिए निर्देश जारी हो रहे हैं। जेसीपी कानून व्यवस्था ने बताया कि कमेटी जांच करने के बाद ही एफआईआर के निर्देश जारी कर रही है। नेगी भाइयों, लाली शुक्ला, महेश यादव समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर हो चुकी है।
डीसीपी की जांच में भूमाफिया के साथ जमीन के खेल में कुछ हिस्ट्रीशीटर और शातिरों के शामिल होने की जानकारी भी हुई है। पुलिस ऑपरेशन दिव्य दृष्टि के अंतर्गत पंजीकृत किए गए हिस्ट्रीशीटरों की लोकेशन और कॉल डिटेल को भूमाफिया के साथ जोड़कर देख रही है। अगर उनकी कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन में साक्ष्य मिलते हैं तो उनको पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। कुछ हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ शुरू हो गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें