कानपुर के नगर निगम जोन-5 (गोविंदनगर) क्षेत्र के बड़े बकायेदारों की सूची क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर लगवाएगा। शुक्रवार को जोन-5 के गोविंदनगर स्थित कार्यालय में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में यह निर्देश नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने दिए।
डेमो पिक
बैठक में अमित शंकर (राजस्व निरीक्षक), विजय नारायन अरोड़ा (निरीक्षक श्रेणी-2) को लक्ष्य के सापेक्ष क्रमश: एक करोड़ 40 लाख 49 हजार रुपये और 77 लाख 30 हजार का बैकलाग होने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया।
डेमो पिक
बैठक में राजस्व वसूलीकर्ताओं ने बताया कि मेसर्स उमराव ट्रेडिंग कारपोरेशन, पराग दुग्ध डेरी केंद्र व फ्लोरेस्ट गेस्ट हाउस की संपत्तियां सीज/अटैच की गई हैं। इसके बावजूद उन्होंने बकाया नहीं दिया है। इस पर नियमानुसार संपत्ति बिक्री व नीलामी की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वार्ड-33, पनकी गंगागंज स्थित मेसर्स नारायना इंस्टीट्यूट व भवनसंख्या-124/एम/1, गोविन्द नगर, डीबीएस डिग्री कॉलेज के संबंध में निर्देश दिए गए कि तीन दिनों के अंदर भुगतान न होने पर इनकी संपत्तियों को सीज कर दिया जाए।
डेमो पिक
इस दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि वर्तमान में निगम की आर्थिक स्थिति लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने के कारण बिगड़ गई है। इस कारण अनिवार्य नागरिक सेवाओं के साथ ही इसका असर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन पर भी पड़ने की संभावना बन गई है।