कानपुर के कुरसौली में फॉगिंग और छिड़काव के बाद भी बुखार और डेंगू पर काबू नहीं हो पा रहा है। गांव में बुखार से एक और रोगी की मौत हो गई है। रोगी गीता सिंह (41) की मौत कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में हो गई। वहीं, शिवराजपुर के डोडवा जमौली गांव निवासी बुखार पीड़ित संदीप कुमार की भी शास्त्रीनगर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कुरसौली में बुखार से अब तक 10 महिलाओं समेत 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। शनिवार को उर्सला और निजी अस्पतालों में भर्ती चार रोगियों को डेंगू की पुष्टि हुई है। चार और रोगी बुखार की चपेट में आ गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। कुरसौली में बुखार से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
निजी अस्पताल में एक सप्ताह से भर्ती कुरसौली के ग्राम प्रधान अमित सिंह की चाची गीता सिंह की मौत हो गई। शुक्रवार को उनकी तबियत बिगड़ने के बाद आईसीयू में भर्ती किया गया था। कुरसौली में दवा छिड़काव, फागिंग भी शुरू कर दी गई, लेकिन बुखार-डेंगू का प्रकोप बना हुआ है।