कानपुर देहात। गजनेर से मूसानगर होते हुए हमीरपुर जिला को जोड़ने वाले मनकी घाट तक के मार्ग के चौड़ीकरण की शासन ने मंजूरी दी है। 32.52 करोड़ रुपये से सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे गजनेर, सरवनखेड़ा व मूसानगर के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
रायपुर से गजनेर होते हुए मूसानगर तक रोड सिंगल लेन का है। गजनेर से मूसानगर तक की सड़क अब जर्जर हो चुकी है। इसके चौड़ीकरण के साथ ही मरम्मत की काफी समय से मांग उठ रही थी। इधर मनकी घाट पर पुल बन जाने के बाद से इस सड़क को सीधे यमुना पुल से जोड़े जाने का लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया था।
इधर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान भी सड़क की मंजूरी के लिए पहल कर रहे थे। मंत्री राकेश सचान ने बताया कि कानपुर मंडल के अंतर्गत गजनेर-मूसानगर होते हुए मनकीघाट मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 33.52 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य सड़क निधि से 6.55 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
मंत्री ने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण से भोगनीपुर क्षेत्र के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल ग्रामीण जनता के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे कानपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ाव भी बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।