कानपुर। बिधनू के बनपुरवा गांव निवासी ऑटो चालक बृजेश राजपूत (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव शनिवार सुबह पांडु नदी के किनारे मिला। भाई ने उसके दो दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों की तलाश में पुलिस लगी है।
किसान दुर्गा प्रसाद के बड़े बेटे अजय ने बताया कि शुक्रवार रात पूरा परिवार गांव में प्रधान नीरज के भाई विजय के तिलक समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब साढ़े दस बजे छोटा भाई बृजेश लापता हो गया। रात करीब 12:30 बजे बृजेश के दोस्त गोरे ने मामा के बेटे संदीप को फोन कर बताया कि बृजेश के पैर में तार चुभ गया है। संदीप के कहने पर भी गोरे ने बृजेश को घर नहीं पहुंचाया। सुबह पांच बजे गोरे ने फोन करके संदीप को बताया कि बृजेश के गोली लगी है। वह पांडु नदी पुल के पास पड़ा है। फिर उसने अपना फोन बंद कर लिया। मौके पर पहुंचकर परिजनों के सूचना देने पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। घाटमपुर सीओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि अजय की तहरीर पर बृजेश के दोस्त गोरे व अनिल पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई। शुरुआती जांच में आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य मिले हैं। दोनाें की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
बृजेश के सीने में दायीं तरफ गोली लगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अधिक खून बहने से बृजेश की मौत हुई। छर्रे सीने में धंसे मिले हैं। सीओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामूली विवाद और आशनाई में हत्या करने की आशंका है। वहीं तीनों चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। बृजेश का शव रेलवे यार्ड के पास मिला है। आशंका यह भी है कि चोरी करते वक्त गोली मारी गई हो।