प्रधानमंत्री और संघ प्रमुख के आगमन के मद्देनजर नगर निगम ने रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया। स्ट्रीट लाइटें ठीक कराईं। डिवाइडरों की मरम्मत के साथ ही रंगरोगन कराया गया। प्रधानमंत्री के 24 अप्रैल को निरालानगर रेलवे मैदान में रैली की संभावना है। नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि इसके चलते सभी जोनों में सफाई कराने के साथ ही स्ट्रीट लाइटें ठीक कराई जा रही हैं। सड़कों की भी मरम्मत कराई जा रही है।
उधर, पीडब्ल्यूडी गोविंदनगर से लेकर बर्रा बाईपास तक डिवाइडर पर पुट्टी, पीओपी करा रहा है। सोमवार से पेंटिंग भी कराई जाएगी। रात में इस सड़क के गड्ढे भी भराए गए। इसी तरह, संघ प्रमुख मोहन भावगत के रविवार शाम को आगमन के मद्देनजर जीटी रोड, अफीमकोठी से लेकर जूही खलवा पुल, कारवालोनगर में भी विशेष अभियान चलाया। संघ भवन के आसपास से लेकर खलवा पुल तक सुंदरीकरण कराया गया। इसके साथ ही परमपुरवा में सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर लगी दुकानें, टिनशेड, गुमटियां हटाईं। दुकानें उजड़ने के बाद कुछ दुकानदारों ने नगर निगम पर सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़ी महिला के अतिक्रमण को नजरंदाज करने का आरोप लगाया।