म्योहर (मंझनपुर)। करारी कोतवाली क्षेत्र के घमसिरा गांव में गुरुवार सुबह पड़ोसी ने एक युवक को आपूर्ति के दौरान फ्यूज जोड़ने की खातिर विद्युत पोल पर चढ़ा दिया। लिहाजा करंट का झटका लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के पिता ने पड़ोसी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
घमसिरा निवासी रामबहोरी ने बताया कि गुरुवार सुबह उसका बेटा सांवलचंद्र (30) खेतों की ओर गया था। तभी पड़ोसी तुफैल अहमद पुत्र इस्तेखार उसे बहाने से अपने नलकूप पर बुला ले गया। वहां शट डाउन लिए बिना फ्यूज जोड़ने के लिए उसने बेटे को विद्युत पोल पर चढ़ा दिया।
खंभे पर चढ़कर तार छूते ही करंट की चपेट में आने से बेटा सांवलचंद्र नीचे गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद किसी को खबर किए बिना नलकूप मालिक वहां से फरार हो गया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही पीड़ित परिजन बदहवाश हालत में मौके पर पहुंचे।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में करारी कोतवाल केपी सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। आरोपों की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।