उत्तर प्रदेश के उन्नाव में सफीपुर कस्बे की एक महिला ने मोहल्ले में ही रहने वाले युवक पर अपनी 14 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लखनऊ में बंधक बनाकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करा, आरोपी की तलाश शुरू की है।
सफीपुर कस्बे के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि मोहल्ले का युवक 16 जून को उसकी 14 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर लखनऊ ले गया। तीन दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद 18 जून की शाम उसे कस्बे के बाहर शारदा नहर ब्रांच के पास छोड़कर भाग निकला। बताया कि आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। कोतवाल अशोक पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।