पुखरायां। देवराहट थाना के जल्लापुर गांव में रुपयों के लेनदेन को लेकर बृहस्पतिवार को बेटे ने पिता की हत्या कर दी। इस मामले में मां ने बेटे के खिलाफ पिता की मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगा प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी है।
जल्लापुर निवासी सोमवती ने थाना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि पति कृपाल (55) ने एक भैंस बेची थी। बुधवार को वह गिरवी रखी हुए जेवर वापस लेने के लिए पुत्री डॉली के घर बिलासपुर के राजपुर गए हुए थे। बृहस्पतिवार को घर वापस आकर वह दोनों लोग खेत में तिल काटने चले गए। छोटे बेटे अरुण व आकाश और रनियां थाना के किशरवल निवासी बुआ रामवती के घर पर थे।
बताया की जब दोनों लोग देर शाम खेत से घर वापस आए तो नशे में धुत पुत्र अखिलेश भी आ गया। वह पति से भैंस बिक्री के रुपयों की मांग करने लगा। जब पति ने रुपये देने से इन्कार किया तो वह हमलावर हो गया। घर में रखे सिलबट्टे से वार किया, डंडे से भी पीटा। सभी ने बचाया लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष संजय दत्त वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, पेट सहित शरीर के अन्य भाग में चोट के निशान होने की पुष्टि हुई है। कृपाल की पत्नी सोमवती ने बेटे अखिलेश के खिलाफ पिता की हत्या के आरोप में तहरीर दी है। जिसके अनुसार प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में छापेमारी की जा रही है।