कानपुर देहात। दिल्ली के द्वारका खरखरी में ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से रूरा के कछियनपुरवा दला निवासी महिला व उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी गांव पहुंचते ही मातम छा गया। परिवार के लोग व सगे संबंधी घटना स्थल की और रवाना हुए।
रूरा थाना क्षेत्र के कछियनपुरवा दला निवासी अजय कुछ साल से पत्नी ज्योति व तीन बेटों के साथ द्वारका के खरखरी नहर के पास बने एक ट्यूबवेल के एक कमरे में रह कर नर्सरी की देखभाल करता था। शुक्रवार सुबह तेज आई आंधी से ट्यूबवेल के पास खड़ा एक पेड़ उसके कमरे में आ गिरा। हादसे में ज्योति देवी (30), बेटों आर्यन (8), ऋषभ (5) व प्रांशु (02) की मौत हो गई। जबकि अजय घायल हो गया। घटना की जानकारी कुछ घंटे बाद पैतृक गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। दोपहर 12 बजे के करीब अजय के पिता फूल सिंह, मां शशि कुछ ग्रामीणों के साथ एक वाहन से दिल्ली रवाना हुए।
ज्योति के कमरे पर पेड़ गिर गया। जिसकी चपेट में आकर उनकी पत्नी समेत तीनों बेटों की मौत हो गई। जबकि वह घायल हो गए। एक साथ एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की सूचना जैसे ही घर पहुंची तो कोहराम मच गया। दोपहर 12 बजे गांव से लोडर लेकर अजय के माता-पिता ग्रामीणों के साथ शव लेने निकल गए।
चचेरे भाई अंकुश ने बताया कि अजय उर्फ दीपू बीते कई वर्षों से दिल्ली के खरकरी में खेत पर बने नलकूप में परिवार के साथ रहकर नर्सरी का काम करते है। जहां शुक्रवार सुबह आंधी व बारिश से नलकूप के पास लगा पेड़ टूटकर उनके कमरे पर गिर गया। जिसमें दबकर भाभी व तीन भतीजों की मौत हुई है। गांव में एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत होने से ग्रामीणों भी गमगीन नजर आए। परिवार के अन्य सदस्य व रिश्तेदार उनके घर पर ढाढंस बंधाने आ गए है। अंकुश ने बताया कि अजय बीते 15 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे। 10 वर्ष पहले उनकी शादी ज्योति से हुई थी।