पास के ही गांव उधन्नपुरा में हो चुकी है डेंगू से एक युवक की मौत
नहीं जागा प्रशासन, जगन्नाथपुरा में साफ सफाई के नहीं कोई इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
इकदिल। मच्छरों से होने वाली डेंगू मलेरिया की बीमारी के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन इसके बाद भी कस्बा क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुरा में साफ सफाई की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। इसी प्रकार से महेवा क्षेत्र के गांव जगन्नथपुरा में भी तालाब ओवरफ्लो हो रहा है जिससे गंदा पानी गांव की सड़कों पर भर रहा है। गांव में गंदगी का अंबार है और मच्छर पनप रहे हैं। गांव वालों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की लापरवाही का नतीजा है कि यह गांव गंदगी से पटे हुए हैं।
गांव उधन्नपुरा में कुछ दिन पूर्व ही युवक पवन कुमार को डेंगू ने अपनी चपेट में लेकर गांव में दस्तक दे दी थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद भी ग्राम पंचायत ने गांव की साफ सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। स्थिति यह है कि पास के ही गांव जगन्नाथपुरा का तालाब अभी भी ओवरफ्लो हो रहा है। इससे गांव में इधर उधर गंदा पानी भरा हुआ है।
यही नहीं गांव की सड़क के दोनों ओर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इसके बाद भी साफ सफाई करने वाला कोई नहीं है। ऐसे लोगों को डेंगू मलेरिया की चपेट में आने का डर सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ब्लॉक पर शिकायत किए जाने के बाद भी साफ सफाई के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ग्रामीण कमला देवी, मोहरश्री,रामकिशन, महाराज सिंह व मेहताब का कहना है कि तालाब की कई वर्षों से सफाई नहीं की गई है। जिससे गांव में गंदगी और दुर्गंध फैली रहती है। तालाब के चलते गांव में मच्छरों की तादात लगातार बढ़ती जा रही है। बीडीओ यदुवीर सिंह ने बताया कि गांव में साफ सफाई न होने की जानकारी उनको नहीं है। वह सचिव से जानकारी लेकर तुरंत ही समस्या का निस्तारण कराएंगे।