प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को चुन्नीगंज, बड़ा चौराहा, नयागंज या कानपुर सेंट्रल भूमिगत मेट्रो स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। वे नवनिर्मित स्टेशनों के बीच मेट्रो में सफर भी कर सकते हैं। इसके मद्देनजर रविवार को यूपीएमआरसी ने इन स्टेशनों में विशेष तैयारियां शुरू कीं। नयागंज से ही हरी झंडी दिखाए जाने की ज्यादा संभावना जताई जा रही है।
नयागंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन के पास पार्किंग की व्यवस्था ज्यादा बेहतर होने की वजह से मेट्रो रेल के अधिकारियों का मानना है कि प्रधानमंत्री इसी स्टेशन में जाकर उद्घाटन कर सकते हैं। चुन्नीगंज या बड़ा चौराहा से भी ऐसा संभव है। चूंकि कानपुर सेंट्रल भूमिगत स्टेशन में आवागमन, पार्किंग स्थल की कमी और रेलवे स्टेशन में आने वाले यात्रियों की अधिकता है। इसलिए इस स्टेशन में पीएम के जाने की संभावना सबसे कम जताई जा रही है। हालांकि अंतिम निर्णय पीएमओ को लेना है।