कानपुर संसदीय क्षेत्र के प्रेक्षक संतोष कुमार ने कहा है कि मतदान केंद्र में मोबाइल, वीडियो और स्टिल कैमरे पर रोक रहेगी। वोट डालते हुए किसी की फोटो नहीं खींची जाएगी। बुजुर्गों को वोट डालने में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें लाइन में नहीं खड़ा होना होगा।
सोमवार को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। पुलिसकर्मी मतदाताओं से अभद्र व्यवहार न करें। पुलिस लाइन मैदान में पुलिस ब्रीफिंग करते हुए प्रेक्षक ने कहा कि मतदान केंद्र में एक ही पोलिंग एजेंट रहेगा। पुलिस कर्मी ड्यूटी के दौरान मतदान करने वालों को लाइन में लगवाते रहें।
महिला और पुरुष की अलग-अलग लाइन लगेगी। बूथ के अंदर कोई भी पुलिस कर्मी नहीं जाएगा। पुलिसकर्मियों को ईवीएम की सुरक्षा करनी है और पोलिंग स्टेशन पर पैनी निगाह रखनी है। किसी भी तरह की कोई समस्या होने पर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो आर्ब्जबर को उसकी जानकारी दें।
संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर पैरा मिलेट्री फोर्स लगेगा। सभी पुलिसकर्मी रविवार को सुबह छह बजे नौबस्ता गल्ला मंडी पहुंच जाएं। अपने मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टी के साथ जाना है।
जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत ने कहा कि मतदान केंद्र में किसी प्रकार की गड़बड़ी, ईवीएम में दिक्कत, कानून व्यवस्था बिगड़ने पर कानपुर संसदीय क्षेत्र के कंट्रोल रूम 0512-2304155 और अकबरपुर संसदीय क्षेत्र के कंट्रोल रूम 0512-2550195 पर बताना होगा।
मतदाता किसी भी तरह की शिकायत टोल फ्री नंबर 1950 पर करेंगे। हर बूथ पर महिला मतदान कार्मिक की तैनाती है। अगर किसी पर्दा करने वाली महिला पर शक हो तो महिला मतदानकर्मी से चेहरा देखकर फोटो से मिलान करा सकते हैं। इस दौरान एसएसपी अनंद देव, मुख्य विकास अधिकारी अक्षय त्रिपाठी समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।