सपा विधायक इरफान सोलंकी एमपीएमएलए कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे। उन्हें महाराजगंज जेल से कानपुर लाया गया। यहां फर्जी आधार कार्ड और जाजमऊ आगजनी मामले में विशेष न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई होनी है।
कानपुर में फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा और जाजमऊ आगजनी कांड के मामलों में शुक्रवार को एमपी एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई होनी है। फर्जी आधार कार्ड से यात्रा के मामले में एमपीएमएलए लोअर कोर्ट के विशेष न्यायाधीश आलोक यादव की अदालत में आरोप तय होने हैं।
विज्ञापन
वहीं जाजमऊ आगजनी कांड में अभियोजन की ओर से गवाह पेश किया जाना है। दोनों ही मामलों में सुनवाई के लिए सपा विधायक इरफान सोलंकी को महाराजगंज से कड़ी सुरक्षा में कानपुर लाया गया। कानपुर जेल में बंद अन्य आरोपी भी जेल से कोर्ट में तलब किए गए हैं।
कचहरी में तैनात रहा भारी पुलिस फोर्स
सपा विधायक की पेशी को देखते हुए अलग-अलग प्वाइंट पर पीएसी को तैनात किया गया। कचहरी के चारों तरफ भी पीएसी की तैनाती की गई। इसके अलावा कचहरी के आसपास इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई गई और दो इंस्पेक्टर व एक एसीपी विधायक के साथ मौजूद रहे।