मृतक ईशू पांडेय का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। थानाक्षेत्र के रसूलाबाद-झींझक रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां से हैलट ले जाते समय युवक की मौत हो गई। पुलिस वाहन की खोजबीन कर रही।
रानाइटाहा गांव निवासी शीलकुमार पांडेय का बेटा ईशू (30) दिल्ली में रहकर प्राइवेट जॉब करता था। होली में छुट्टी लेकर वह घर आया था। बुधवार को ईशू बाइक से मौसी को डिलौलिया गांव छोड़ने गया था।
लौटते समय रसूलाबाद-झींझक रोड पर चौहान गेस्ट हाउस के पास पीछे से अज्ञात वाहन टक्कर मारता हुआ निकल गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में ईशू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई।
वहां से उसे हैलट रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। ईशू की जेब से मिले मोबाइल व अन्य कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी पर मां मुन्नी देवी, पत्नी अर्चना, बेटी राधिका, भाई सौरभ, शरद, अभिषेक, अनुराग, बहन पम्मो सहित अन्य परिजन बिलख पड़े। प्रभारी निरीक्षक राम गोविंद मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वाहन की तलाश की जा रही है।