कानपुर में घंटाघर चौराहे के पास स्थित एक होटल के कमरे में नौवीं कक्षा की दो छात्राओं को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं सहेली हैं। आरोप है कि एक छात्रा की चचेरी बहन के देवर ने दोस्त के साथ दोनों सहेलियों से दुष्कर्म किया। मुंह खोलने पर दोनों सहेलियों व उनके माता-पिता की हत्या करने की धमकी देकर होटल से भगा दिया।
15 दिन तक पुलिस मामले को दबाए रही। गुरुवार को एडीजी प्रेम प्रकाश के आदेश पर हरबंश मोहाल पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी, षडयंत्र व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। रायपुरवा इलाके में रहने वाले प्राइवेट कर्मी की 15 वर्षीय बेटी सिविल लाइंस स्थित एक स्कूल में पढ़ती है। प्राइवेट कर्मी ने बताया कि उसकी भतीजी की शादी फर्रुखाबाद में हुई है। 16 अप्रैल को बेटी स्कूल गई थी।
बहन ने उससे कहा कि तुम होटल पहुंचो, हम भी आ रहे हैं
उसी दिन दोपहर में भतीजी के देवर अंकित ने बेटी को फोन कर कहा कि तुम्हारी बहन व बहनोई आए हैं। घंटाघर चौराहे के पास स्थित एक होटल में रुके हैं। बेटी सहेली के साथ वहां पहुंची तो अंकित ने चचेरी बहन से मोबाइल पर उसकी बात कराई।
बहन ने उससे कहा कि तुम होटल पहुंचो, हम भी आ रहे हैं। इसके बाद अंकित व उसका दोस्त विकास दोनों को होटल में ले गए। आरोप है कि होटल के कमरे में आरोपियों ने दोनों को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी दोनों को स्टेशन परिसर में ले गए। वहां दोनों को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
घर पहुंचकर बेटी ने मां को घटना की जानकारी दी
प्राइवेट कर्मी के मुताबिक घर पहुंचकर बेटी ने मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह बेटी व उसकी सहेली को थाने लेकर पहुंचे, लेकिन हरबंश मोहाल पुलिस ने कोई कारवाई नहीं की। तब उन्होंने एडीजी से मदद मांगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि फर्रुखाबाद के पंचालघाट निवासी अंकित, विकास, पीड़ित छात्रा की चचेरी बहन व बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित सहेलियों का मेडिकल कराया गया है। शुक्रवार को पीड़ित सहेलियों को मौके पर ले जाकर जांच की जाएगी।