तीन साल की बच्ची को बनाया दुष्कर्म का शिकार
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के बिठूर में एक गांव में शनिवार शाम नशे में धुत युवक ने तीन साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की चीख सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। पुलिस ने एक घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
पीड़ित बच्ची को कल्याणपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक है। घाटमपुर निवासी युवक उन्नाव में एक कैंटीन चलाता है। उसकी तीन साल बच्ची बिठूर के एक गांव में अपने ननिहाल आई थी।
शनिवार शाम करीब पांच बजे वह अपनी नानी के साथ खेत में गई थी। इस बीच नर्वल के कल्याणपुर निवासी राधेश्याम बच्ची को गोद में उठा ले गया। खेत में बने एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा।
बच्ची की चीख सुनकर उसकी नानी व आसपास के लोग कमरे में पहुंचे तो बच्ची लहूलुहान मिली। वहां पहुंचे एसएसपी अनंत देव ने बताया कि आरोपी राधेश्याम अपने जीजा के घर आया था। शराब के नशे में वारदात की। पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।