रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से तीन दिन पहले सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। रविवार को पीड़िता की मां की तहरीर पर तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में पीड़िता का वीडियो वायरल होने की भी चर्चा है। मामले में सीओ ने गांव पहुंचकर छानबीन की है। पुलिस ने गांव के तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि नामजद तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
एक गांव निवासी महिला ने बताया कि 27 मई की सुबह वह शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदार के यहां गई थी। घर में पति व एक नाबालिग बेटी थी। इसी दिन शाम को बेटी खेत में शौच के लिए गई थी। इस दौरान गांव के वीर सिंह, गोविंद, गोविंद उर्फ ठाकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपियों ने घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इससे किशोरी डर गई और पिता को कोई जानकारी नहीं दी। 29 मई की शाम को जब वह घर लौटी तो बेटी ने पूरी घटना बताई। इस पर मां उसे लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें दो आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं जबकि तीसरा आरोपी गोविंद पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है।
घटना की जानकारी पर सीओ परशुराम व इंस्पेक्टर शशिभूषण मिश्रा ने गांव जाकर छानबीन की। पुलिस ने गांव से तीन युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं तीनों नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। गांव में चर्चा है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया है और इसे वायरल कर दिया है। इंस्पेक्टर शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।