विपक्षी जो सनातन धर्म के विरोध में बोल रहे हैं। सनातन को चोट पहुंचाने में अपनी वाहवाही समझते हैं। केवल तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। वह सोचते हैं कि सनातन धर्म के देवी-देवताओं पर ऐसा क्या बोलें, जिससे हमारा वोट बैंक बढ़ जाए। ये बातें केंद्रीय औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल नंदी ने विपक्षियों की ओर से अधूरे मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लगाए गए आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहीं। वह ग्रामश्री संस्था की ओर से क्राफ्ट रूट्स प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विपक्षियों पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे लोग अपनी पार्टी का सर्वनाश कर रहे है, समूलनाश कर रहे हैं।
मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा, राम मंदिर के पहले फेस का काम पूरा हो चुका है। अभी मंदिर के बहुत सारे फेस बनने बाकी हैं। राम मंदिर के निर्माण से देश का गौरव जागा है। भगवान राम की नगरी पूरे विश्व में आकर्षण का केंद्र बनी है। 22 जनवरी को लोगों ने एक त्योहार के रूप में मनाया है। अगर आप देखेंगे तो दीपावली, होली, दशहरा में भी इतना उत्साह नहीं रहता है, जितना रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में देखने के मिला। यह श्रीराम की आस्था का नतीजा है। गांव, गली और मोहल्ले के कई मंदिर ऐसे थे, जहां लोग ध्यान ही नहीं देते थे। वहां पर कभी कभार कोई जल चढ़ा देता था, लेकिन उसको भी लोगों ने साफ किया। मंदिर कमेटी बनाई।