'इनकम टैक्स की तरफ से आए हैं हम लोग, ये कहकर सराफ से लाइसेंस दिखाने को कहा। इसके बाद दुकान में ज्वैलरी का सारा माल सीज करने की बात कहकर चाभी भी मांग ली। डरा सहमा सर्राफ कुछ न बोल पाया। टप्पेबाजों ने माल सीज करने की बात कही और जेवर व 30 हजार रुपये बैग में रखकर कोतवाली आने को कहा।
'स्पेशल 26' जैसी फिल्म में भी कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिलता है। जिसमें फिल्म एक्टर अक्षय कुमार मुंबई के कांदिवली में एक फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर करोड़ों की लूट को अंजाम देते है।
ऐसा ही वाकया शुक्रवार को हरदोई में हुआ। शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे सराफ से लाखों की टप्पेबाजी हो गई। खुद को आयकर अधिकारी बता टप्पेबाजों ने सराफ को ठग लिया।
सराफ कोतवाली पहुंचा तो उसे टप्पेबाजी की जानकारी हुई। देहात कोतवाली के औरेनी गांव निवासी राम सिंह की शहर कोतवाली केरद्देपुरवा रोड पर ज्वैलरी शॉप है। दुकान पर उनके साथ बेटा धर्मेंद्र भी बैठता है। शुक्रवार सुबह दोनों ने दुकान खोली। राम सिंह के मुताबिक करीब साढ़े 11 बजे बाइक सवार दो युवक आए। दोनों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया और लाइसेंस मांगा।
राम सिंह का कहना है कि उनके पास सराफा कारोबार का लाइसेंस नहीं है। इस पर दोनों युवकों ने गहने-रुपये बैग में भर लिए और कोतवाली चलने को कहा। बैग लेकर दोनों युवक हरदोई की तरफ चले गए। करीब 10 मिनट बाद राम सिंह बेटे के साथ कोतवाली पहुंचे। राम सिंह ने तहरीर में सात किलो चांदी, 15 ग्राम सोने के गहने और 30 हजार नगदी समेत करीब सात लाख की टप्पेबाजी होना बताया है। कोतवाल कमलेश नारायण ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लूट के लिए ली ट्रेनिंग!
ऐसा माना जा रहा है कि स्पेशल 26 फिल्म की तर्ज पर यह गैंग भी घटना को अंजाम देने के लिए ट्रेनिंग ले चुका है। घटना से पहले मौके की रेकी की बात भी कही जा रही है। यहां तक कि खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर दिखाने के लिए फर्जी आईडी कार्ड भी बनाया जाने जैसी बत चल पड़ी है। यह स्थिति फिलहाल गैग के पकड़े जाने पर ही साफ होगी कि आखिर वे कैसे ऐसी वारदात को अंजाम देते रहे।